महिला की जान लेने के बाद केंदई रेंज में फिर मचाया उत्पात, ग्रामीणों में दहशत
कोरबा। कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में विचरण कर रहे लोनर हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। एक बुजुर्ग महिला की जान लेने के बाद हाथी ने बुधवार रात मदनपुर और करैहापारा गांव में दो मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार सरगुजा वनमंडल से भटककर केंदई रेंज पहुंचे इस हाथी ने पिछले कुछ दिनों से लगातार उत्पात मचा रखा है। पहले एक मकान को नुकसान पहुंचाने के बाद उसने पतुरियाडांड क्षेत्र में जंगल गई एक वृद्ध महिला को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था।
महिला की मौत के अगले ही दिन बुधवार रात हाथी मदनपुर के आश्रित ग्राम करैहापारा पहुंच गया। यहां उसने तुलेश्वर सिंह गोंड़ और शांति बाई के मकानों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी की चिंघाड़ सुनकर परिवार के सदस्य समय रहते जाग गए और घर के भीतर सुरक्षित स्थान पर छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पटाखे फोड़कर हाथी को गांव से बाहर खदेड़ा। काफी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल की ओर लौटाया गया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार हाथी की वर्तमान लोकेशन पुटा जंगल में ट्रेस की गई है। उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। मैदानी अमले के साथ ड्रोन कैमरों की सहायता से भी निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में ग्रामीणों को समय रहते सतर्क किया जा सके।
इधर, जटगा रेंज के मेढ़उड़ पहाड़ पर डेरा डाले 27 हाथियों के दल में से करीब आधा दर्जन हाथी भी पहाड़ से नीचे उतर आए हैं। इससे वन विभाग की चिंता और बढ़ गई है।
विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को जंगल की ओर न जाने तथा रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। ग्रामीणों से हाथियों की गतिविधि दिखने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

