नियमितीकरण, पदोन्नति, वेतन वृद्धि और आवास सुविधाओं समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा की कर्मचारी परामर्शदात्री समिति की बैठक गुरुवार को मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों के हितों और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक प्रस्ताव शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक में छत्तीसगढ़ स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ, नगर पालिक निगम कोरबा के महामंत्री अरुण मिश्रा ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को समिति के समक्ष रखा।
प्रमुख मांगों में समयमान एवं वेतनमान का लाभ, पदोन्नति, रिक्त पदों पर सीधी भर्ती, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण, प्लेसमेंट पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों के वेतन में वृद्धि, तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती, समूह बीमा एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा शामिल रहीं।
इसके अलावा संविदा नियुक्ति व्यवस्था समाप्त करने, एलएसजीडी का पृथक इंक्रीमेंट जोड़ने, कर्मचारियों को योग्यता अनुसार आवास आवंटित करने तथा जर्जर आवासों की मरम्मत कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने इन मांगों से संबंधित ज्ञापन आयुक्त को सौंपा।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े उचित प्रस्तावों को शासन स्तर पर भेजा जाएगा। चर्चा के बाद समिति ने विभिन्न मांगों पर सकारात्मक अनुशंसा करते हुए आवश्यक कार्रवाई का निर्णय लिया।
बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त पवन वर्मा, लेखाधिकारी भवकांत नायक, महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला, निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष आनंद दुबे, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर,सहायक कार्यालय अधीक्षक अरविंद कुमार वानखेड़े,उप अभियंता देवेंद्र स्वर्णकार, स्वच्छता निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार नामदेव सहित निगम प्रशासन और कर्मचारी संघ के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

