स्कूटी चोरी में नाबालिग सहित तीन आरोपी पकड़ाए

कोरबा। पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी एवं थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने चोरी के अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए स्कूटी चोरी में शामिल नाबालिग आरोपियों समेत एक अन्य चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गई स्कूटियां, गैस सिलेंडर और अन्य सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र से चोरी हुई स्कूटी की जांच के दौरान दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने चोरी की स्कूटी बरामद कर दोनों बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

एक अन्य मामले में थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र से चोरी गई स्कूटी क्रमांक सीजी 12 एवाई 5376 की पतासाजी के दौरान दो अन्य विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने भी वाहन चोरी की वारदात कबूल कर ली। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

इसी क्रम में पुलिस ने गैस सिलेंडर और स्टील सामग्री चोरी के मामले में दिलचंद आदिले (23 वर्ष) निवासी अटल आवास, खम्हरिया को गिरफ्तार किया। आरोपी ने एक घर के पीछे रखे गैस सिलेंडर एवं स्टील सामग्री चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया।

सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।