व्यवसायी महिला से 40 हजार से अधिक की ठगी, 27 हजार रुपये नकद बरामद
कोरबा। साइबर पुलिस थाना कोरबा ने लोन दिलाने के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में से 27,070 रुपये नकद बरामद कर जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, साइबर थाना में दर्ज शिकायत की जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी लोगों को आसान शर्तों और कम किश्तों पर लोन दिलाने का झांसा देकर उनसे रकम ऐंठता था। वह साइबर अपराध को अंजाम देने के लिए अन्य व्यक्तियों के नाम पर सिम कार्ड प्राप्त करता और वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सिम कार्ड नष्ट कर देता था।
जांच के आधार पर पुलिस ने पुष्पेन्द्र कुमार मेहर (25 वर्ष) निवासी ग्राम सेमरा, जिला शक्ति एवं वर्तमान निवासी रिस्दी, बालको को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पहले भी लोन दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 40 हजार रुपये की ठगी कर चुका है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने हाल ही में रूमगढ़ा चौक क्षेत्र की व्यवसायी महिला नोनी बाई यादव को 5 लाख रुपये का लोन दिलाने का प्रलोभन देकर उसके फोनपे खाते से 40,500 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करा लिए थे। इसके बाद आरोपी ने पूरी राशि निकालकर अपने पास रख ली।
साइबर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपी की अन्य साइबर अपराधों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि लोन, निवेश योजना या ऑनलाइन ऑफर के नाम पर किसी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

