बरसात में डेंगू-मलेरिया नियंत्रण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी रेबीज वैक्सीन और एंटी-स्नेक वेनम पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराया जाए, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने बरसात के मौसम को देखते हुए डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि “सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान” के तहत सभी पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड और आभा आईडी शत-प्रतिशत बनाए जाएं तथा उन्हें स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
टीबी, कुष्ठ और सिकल सेल कार्यक्रमों पर जोर
कलेक्टर ने टीबी नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए संभावित मरीजों की समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कुष्ठ उन्मूलन अभियान के तहत चिन्हित मरीजों की स्क्रीनिंग और उपचार तथा सिकल सेल मरीजों की जांच व फॉलोअप पर विशेष ध्यान देने को कहा।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता
बैठक में गर्भवती महिलाओं के प्रथम तिमाही में शत-प्रतिशत पंजीयन, उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों की पहचान और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पीएमएसएमए दिवस पर विशेषज्ञ जांच कराने और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में एचआरपी महिलाओं की अद्यतन सूची रखने पर भी जोर दिया गया।
टीकाकरण और पोषण कार्यक्रमों की समीक्षा
कलेक्टर ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और छात्रावासों में नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण, यू-विन पोर्टल में प्रविष्टि तथा पोषण पुनर्वास केंद्रों में कुपोषित बच्चों के उपचार की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतें 7 दिन में निपटाएं
बैठक में गैर-संचारी रोग, मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम और अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का सात दिनों के भीतर संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए समन्वित प्रयास करें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

