खनिज विभाग की सख्ती से खनिज माफियाओं में हड़कंप: 1 टीपर, 2 ट्रेक्टर जब्त, 1620 घन मीटर अवैध रेत की जब्ती

कोरबा। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में गठित खनिज उड़नदस्ता दल ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध रेत परिवहन में लगे एक टीपर, दो ट्रैक्टर तथा 1620 घनमीटर अवैध रेत भंडारण जब्त किया है।

खनिज विभाग की टीम ने सलिहाभाटा, भैसामुड़ा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी, सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पोड़ी, कछार, चुहिया, बालको, कसनिया और कटघोरा सहित कई संदिग्ध क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बरमपुर, राताखार और कसनिया क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन करते पाए गए एक टीपर और दो ट्रैक्टरों को जब्त कर सर्वमंगला चौकी, रामपुर थाना एवं खनिज जांच चौकी कटघोरा की अभिरक्षा में रखा गया है।

तीन स्थानों पर मिला अवैध रेत भंडारण
अभियान के दौरान कछार क्षेत्र में 600 और 720 घनमीटर रेत के दो अवैध भंडारण तथा सोनपुरी में 300 घनमीटर रेत का अवैध भंडारण पकड़ा गया। इस प्रकार कुल 1620 घनमीटर अवैध रेत जब्त कर कार्रवाई की गई।

अवैध खनन पर सख्त चेतावनी
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान का उद्देश्य अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है।

विभाग ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जा रही है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।