कोरबा: ड्रंक एंड ड्राइव पर पुलिस का शिकंजा, जनवरी से अब तक 1.14 करोड़ की वसूली

नशे के खिलाफ अभियान जारी, आबकारी मामलों में लगातार हो रही सख्त कार्रवाई

कोरबा। कोरबा पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव (शराब पीकर वाहन चलाने) के खिलाफ चलाए गए अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। जनवरी से अब तक पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए 1,1,040,000 रुपये (एक करोड़ दस लाख चालीस हजार रुपये) का जुर्माना वसूल किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, यातायात डीएसपी डी.के. सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वर्ष की शुरुआत से अब तक दर्ज धारा 185 प्रकरणों में बड़ी मात्रा में देशी एवं विदेशी मदिरा जब्त की गई है। जब्त शराब और संबंधित सामग्री का कुल मूल्य लगभग 1,10,40,000 रुपये आंका गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।