वेतन लेकर घर लौट रही युवती से मोबाइल और नकदी की लूट

एक्सिस बैंक के पास बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, मामला दर्ज

कोरबा। शहर में लूटपाट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में वेतन लेकर घर लौट रही एक युवती से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने मोबाइल फोन और नकदी छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने सीएसईबी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार चिमनीभट्ठा निवासी 24 वर्षीय नेहा पांडेय पावर हाउस रोड स्थित श्रीराम वस्त्रालय में कार्यरत हैं। 22 जून की रात वह अपना वेतन लेकर पैदल घर लौट रही थीं। रात करीब 9:50 बजे जब वह एक्सिस बैंक के पास मुख्य मार्ग पर पहुंचीं, तब उन्होंने किसी से बात करने के लिए अपना वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और वेतन की राशि हाथ में ली।

इसी दौरान दीप्ती चश्मा घर की ओर से आए मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन और नकदी छीन ली तथा मौके से फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार छीन ली गई राशि 9,840 रुपये थी, जबकि मोबाइल फोन की कीमत लगभग 4,000 रुपये बताई गई है।

घटना के बाद नेहा पांडेय ने सीएसईबी पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2) के तहत अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।