कटघोरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, महंगाई और अपराध को लेकर सरकार पर साधा निशाना
कोरबा। भिलाई विधायक एवं कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था और महंगाई को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार का अपराधियों पर नियंत्रण नहीं रह गया है।
कोरिया जिले के दौरे से रायपुर लौटते समय देवेंद्र यादव कुछ समय के लिए कटघोरा पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट, दुष्कर्म, मारपीट और आगजनी जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ को “अपराधगढ़” बनाने पर तुली हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और सरकार अपराध नियंत्रण में विफल साबित हो रही है।
उन्होंने बढ़ती महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा। यादव ने कहा कि गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम आदमी की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है। किसान, मजदूर, व्यापारी और मध्यम वर्ग सभी महंगाई की मार झेल रहे हैं।
कांग्रेस विधायक ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध और महंगाई जैसे मुद्दे अब क्षेत्रीय ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास इन समस्याओं के समाधान के लिए कोई प्रभावी योजना दिखाई नहीं दे रही है।
कटघोरा में उनके आगमन पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत करते हुए प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों पर भी चर्चा की। राजनीतिक हलकों में देवेंद्र यादव के इस बयान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

