जनसेवा में डिजिटल क्रांति, सेवा सेतु से आसान हुई नागरिक सेवाएं, हेमंत कुमार को समय पर मिला जाति प्रमाण-पत्र

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन द्वारा शुरू किया गया ‘सेवा सेतु’ पोर्टल आम नागरिकों के लिए सरकारी सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। डिजिटल सुशासन की इस पहल से अब लोगों को जाति, आय और निवास प्रमाण-पत्र जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आवेदन प्रक्रिया आसान और पारदर्शी हो गई है। इसका लाभ कोरबा विकासखंड के ग्राम सोनपुरी निवासी हेमंत कुमार को भी मिला, जिन्हें जाति प्रमाण-पत्र की आवश्यकता थी।

हेमंत कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोक सेवा केंद्र के माध्यम से सेवा सेतु पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया।

इलेक्ट्रॉनिक वर्कफ्लो प्रणाली और डिजिटल प्रक्रिया के कारण उनके आवेदन का त्वरित निराकरण हुआ तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्हें जाति प्रमाण-पत्र प्राप्त हो गया।

हेमंत कुमार ने बताया कि पहले ऐसे दस्तावेजों के लिए अलग-अलग कार्यालयों में जाना पड़ता था और काफी समय लग जाता था, लेकिन सेवा सेतु के माध्यम से पूरी प्रक्रिया बेहद सरल और सुविधाजनक रही। उन्हें किसी प्रकार की अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ी और समय पर प्रमाण-पत्र उपलब्ध हो गया।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा सेतु जैसी डिजिटल व्यवस्था आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। उन्होंने अन्य लोगों को भी इस सुविधा का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने की बात कही।

जिला प्रशासन के अनुसार सेवा सेतु केवल एक ऑनलाइन पोर्टल नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बनकर उभरा है। यह पहल पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध सेवा वितरण के नए मानक स्थापित करते हुए नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।