प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली महेत्तर राम की जिंदगी, कच्चे मकान की चिंता हुई दूर

कोरबा। प्रधानमंत्री आवास योजना ने जिले के सीमावर्ती ग्राम काटाद्वारी निवासी महेत्तर राम के जीवन में बड़ा बदलाव ला दिया है। आर्थिक तंगी और शारीरिक असमर्थता के बावजूद वर्षों से पक्के घर का सपना देख रहे महेत्तर राम का यह सपना अब साकार हो गया है। योजना के तहत मिले आवास से उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है।

लगभग 50 वर्षीय महेत्तर राम दोनों पैरों से चलने-फिरने में असमर्थ हैं। पत्नी के निधन के बाद वे अपने दो बेटों के साथ जीवनयापन कर रहे हैं। परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण उनका कच्चा मकान वर्षों तक जर्जर अवस्था में रहा। बरसात के दिनों में टपकती छत और दीवारों के गिरने का डर हमेशा बना रहता था।

महेत्तर राम ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृत होने और किस्त की राशि मिलने के बाद उन्होंने पक्का मकान बनवाने का कार्य शुरू कराया। अब उनका नया घर बनकर तैयार हो चुका है, जिससे परिवार को सुरक्षित छत मिल गई है और बरसात के मौसम की चिंताएं भी समाप्त हो गई हैं।

उनके पुत्र अनिल केंवट ने बताया कि बीमारी के कारण पिता चलने-फिरने में असमर्थ हो गए हैं। परिवार की आजीविका चलाने के लिए वे गांव-गांव जाकर मिठाई बेचते हैं। सीमित आय में घर का खर्च चलाना ही मुश्किल था, ऐसे में पक्का मकान बनवाना संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार का वर्षों पुराना सपना पूरा कर दिया।

आज महेत्तर राम का परिवार अपने नए पक्के घर में सुरक्षित, सम्मानजनक और सुकून भरा जीवन जी रहा है। यह योजना ग्रामीण गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाने और उन्हें सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।