कोरबा। शहर में एक आक्रामक मवेशी का आतंक लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। पिछले पांच दिनों में मवेशी द्वारा आधा दर्जन से अधिक लोगों पर हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है। ताजा घटना में 55 वर्षीय छोटे लाल श्रीवास गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार छोटे लाल श्रीवास सुबह बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चौक के पास घूम रहे मवेशी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। मवेशी ने अपने सींग से उन्हें उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उक्त मवेशी कई दिनों से क्षेत्र में घूम रहा है और राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालकों पर भी हमला कर रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बीते चार-पांच दिनों में मवेशी के हमले में 6 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। हालांकि अधिकांश घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग घर से निकलने में डर महसूस कर रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर वार्ड पार्षद तामेश अग्रवाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए मवेशी को पकड़कर गौ सेवा केंद्र अथवा पशु आश्रय गृह भेजने की मांग की है। पार्षद ने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय नागरिकों ने भी नगर निगम से आवारा और आक्रामक मवेशियों के खिलाफ अभियान चलाकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

