कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवाद, अखंडता और जनसेवा के विचारों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया।
राष्ट्रभक्ति और त्याग की प्रेरणादायी मिसाल हैं डॉ. मुखर्जी : गोपाल मोदी
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी संयंत्र, बुधवारी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका त्याग और राष्ट्रसेवा आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार और सिद्धांत भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक हैं तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में सह संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला सह कोषाध्यक्ष नवीन अरोड़ा, जिला मंत्री कमला बरेठ, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार, एमआईसी सदस्य अजय चंद्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने डॉ. मुखर्जी को श्रद्धासुमन अर्पित कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

