केंद्रीय विद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत

प्रवेशोत्सव में तिलक, चॉकलेट और उपहार देकर बच्चों का बढ़ाया उत्साह

कोरबा। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी कोरबा में कक्षा-1 में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत हेतु प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। विद्यालय परिसर बच्चों की मुस्कान और अभिभावकों की खुशी से गुलजार रहा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्राचार्य एस.के. साहू ने कहा कि विद्यालय में प्रवेश लेने वाले नन्हे विद्यार्थी नए सपनों, नई उम्मीदों और नई ऊर्जा के प्रतीक हैं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय परिवार की ओर से उनका स्वागत किया।

नवप्रवेशित विद्यार्थियों का पारंपरिक तिलक लगाकर, चॉकलेट वितरित कर तथा बैंड की मधुर धुनों के बीच अभिनंदन किया गया। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।

इस अवसर पर श्रीमती मालश्री बल्हाल ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए अभिभावकों को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन और नियमों की जानकारी दी। कार्यक्रम में बच्चों को उपहार भी भेंट किए गए, जिससे उनके चेहरे खिल उठे।

विद्यालय के शिक्षकों ने स्नेह और आत्मीयता के साथ बच्चों को कक्षाओं तक पहुंचाया तथा उन्हें विद्यालय के वातावरण से परिचित कराया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के मन से संकोच दूर कर उनके पहले स्कूल दिवस को यादगार और आनंदमय बनाना था।

प्रवेशोत्सव कार्यक्रम ने न केवल बच्चों में आत्मविश्वास जगाया, बल्कि अभिभावकों को भी विद्यालय के प्रति सकारात्मक और भरोसेमंद अनुभव प्रदान किया।