चार दशक बाद मिला बचपन का साथ, पूर्व छात्रों ने साझा कीं सुनहरी यादें

कोरबा। बालकोनगर में स्कूली शिक्षा प्राप्त करने वाले पूर्व छात्रों ने लगभग चार दशक बाद एकत्रित होकर मित्र मिलन समारोह का आयोजन किया। मंगल भवन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे पूर्व विद्यार्थियों ने अपने पुराने साथियों से मुलाकात कर यादगार पल साझा किए।

दो दिवसीय समारोह में इंजीनियर, डॉक्टर, उद्योगपति, अधिवक्ता, शिक्षक, व्यवसायी तथा विभिन्न शासकीय विभागों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। लंबे समय बाद एक-दूसरे से मिलकर सभी भावुक नजर आए और स्कूल जीवन की मधुर स्मृतियों को ताजा किया।

कार्यक्रम के दौरान खेलकूद, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कई पूर्व छात्र अपने परिवार के साथ समारोह में शामिल हुए, जिससे आयोजन और भी यादगार बन गया।

पूर्व विद्यार्थियों ने कहा कि जीवन की व्यस्तताओं के बीच वर्षों बाद मित्रों से मिलना किसी सुखद संयोग से कम नहीं है।

उन्होंने अपने शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यालय को सफलता की नींव का श्रेय देते हुए कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें विद्यालय से मिले संस्कार और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

समारोह में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने इस मिलन को अविस्मरणीय बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने की इच्छा जताई। कार्यक्रम ने पुराने दोस्तों को फिर से जोड़ने के साथ-साथ आपसी रिश्तों को और मजबूत बनाने का अवसर प्रदान किया।