डीएमएफ योजना से मूंगफली बीज उत्पादन को बढ़ावा, कम लागत में दोगुना फायदा मिलने का दावा
कोरबा। कृषि विभाग द्वारा जिले में किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए राइस क्रॉपिंग सिस्टम योजना का विस्तार किया जा रहा है।
विकासखंड कोरबा के विभिन्न गांवों में किसानों को निशुल्क बीज उपलब्ध कराकर योजना से जोड़ा जा रहा है, जिससे उन्हें बेहतर उत्पादन और अतिरिक्त आय का लाभ मिल रहा है।
ग्राम पंचायत गीतकुंवारी में कृषि विभाग ने जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) योजना के अंतर्गत किसानों का पंजीयन कराकर मूंगफली बीज उत्पादन कार्यक्रम संचालित किया।
किसानों ने 15 हेक्टेयर क्षेत्र में मूंगफली की खेती कर लगभग 400 बोरी बीज का उत्पादन किया और इसका विक्रय लखनपुर में कर लाभ अर्जित किया। विभागीय अधिकारियों ने इसे किसानों के लिए लाभकारी पहल बताया।
इसी क्रम में ग्राम डोकरीखार और विजयपुर में राइस क्रॉपिंग सिस्टम योजना के तहत किसानों को निशुल्क धान बीज वितरित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एम.पी. सिंह, कृषि विस्तार अधिकारी अमृता श्रीवास्तव, रूपाली कंवर, कृषक मित्रों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। किसानों को फसल विविधीकरण और वैज्ञानिक खेती के बारे में भी जानकारी दी गई।
उप संचालक कृषि देवेंद्र पाल सिंह कंवर ने बताया कि धान की कटाई के बाद चना एवं अन्य दलहनी फसलों की खेती करने से मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है और किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि इस पद्धति में अधिक खाद और पानी की आवश्यकता नहीं पड़ती, जिससे उत्पादन लागत कम होती है और किसानों को अधिक लाभ मिलता है।
कृषि विभाग का मानना है कि राइस क्रॉपिंग सिस्टम और फसल चक्र आधारित खेती से किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। इसी उद्देश्य से जिले के अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

