सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा में 20 श्रद्धालुओं को मिला अवसर

1000 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित विशेष यात्रा में जिले की सहभागिता, पवित्र माटी और जल कलश लेकर रवाना हुआ दल

कोरबा। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सोमनाथ मंदिर के 1000 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व सांस्कृतिक यात्रा में कोरबा जिले के 20 सदस्यीय दल को शामिल होने का अवसर मिला है। 22 से 26 जून तक आयोजित इस विशेष यात्रा के लिए प्रदेशभर से चयनित श्रद्धालुओं को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और शुभकामनाएं दीं।

भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक सोमनाथ मंदिर के सहस्राब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस यात्रा को राष्ट्रीय चेतना और सांस्कृतिक गौरव से जोड़कर देखा जा रहा है। कोरबा जिले से 20 सदस्यीय दल नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह के नेतृत्व में यात्रा के लिए रवाना हुआ।

यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व पाली स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मंदिर परिसर की पवित्र माटी तथा नौकोनिया तालाब का पवित्र जल कलश में लेकर दल को विदाई दी गई।

इस अवसर पर नगर पंचायत पाली के अध्यक्ष अजय जायसवाल ने कहा कि यह सांस्कृतिक यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से नई चेतना का संचार होगा और छत्तीसगढ़ सहित कोरबा जिले की सांस्कृतिक सहभागिता राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित होगी।

विदाई समारोह में भाजपा नेता संजय भावनानी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष लखन प्रजापति, रामविलास जायसवाल, रमाशंकर जायसवाल, दीपक शर्मा, रिंकू जायसवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि सोमनाथ धाम की यात्रा उन्हें भारतीय संस्कृति, इतिहास और आध्यात्मिक परंपराओं को निकट से जानने का अवसर प्रदान करेगी।