कोरबा। खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में कोरबा जिले ने एक बार फिर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन के आधार पर कोरबा ने लगातार तीसरी बार छत्तीसगढ़ के फूड सेफ्टी इंडेक्स में प्रथम स्थान हासिल किया है।
विशेष बात यह है कि कोरबा ने रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव जैसे बड़े जिलों को पीछे छोड़ते हुए अपनी शीर्ष स्थिति बरकरार रखी है। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले की रैंकिंग में सुधार दर्ज किया गया है। पिछले वर्ष 118वें स्थान पर रहने वाला कोरबा इस वर्ष 112वें स्थान पर पहुंच गया है।
जिले की इस उपलब्धि के पीछे खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की सतत निगरानी, जनजागरूकता अभियान, लाइसेंस एवं पंजीयन प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन जैसे महत्वपूर्ण प्रयास शामिल हैं। इन सभी मापदंडों पर बेहतर प्रदर्शन के कारण कोरबा को यह गौरव प्राप्त हुआ है।
इस सफलता में कलेक्टर के मार्गदर्शन में कार्यरत खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत एवं संघर्ष कुमार मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दोनों अधिकारियों ने नियमित निरीक्षण, प्रभावी मॉनिटरिंग और व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
जिले की इस उपलब्धि से आम नागरिकों में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के प्रति विश्वास बढ़ा है। साथ ही यह सफलता प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है।
खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार तीसरी बार राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर कोरबा ने यह साबित कर दिया है कि प्रभावी निगरानी, प्रशासनिक प्रतिबद्धता और जनभागीदारी के बल पर उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

