कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के राताखार इलाके में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर अचानक आए मवेशी को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार 15 ब्लॉक पंप हाउस निवासी सुरेश चौहान, विक्की और अर्जुन पटेल रोज की तरह बाइक से जमनीपाली स्थित एल्युमिनियम फिटिंग कार्य के लिए जा रहे थे। सुबह राताखार के पास अचानक एक गाय सड़क पार करने लगी। मवेशी को बचाने के प्रयास में बाइक चालक संतुलन खो बैठा और तीनों युवक बाइक समेत नहर में जा गिरे।
हादसे में सुरेश चौहान को सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अर्जुन को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल सहायता पहुंचाई।
घायलों के साथियों ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई थी। फोन पर एंबुलेंस के 10 मिनट में पहुंचने की जानकारी दी गई, लेकिन करीब आधे घंटे तक वाहन नहीं पहुंचा। इसके बाद 112 डायल टीम और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर आए मवेशी को बचाने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। मृतक सुरेश चौहान मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस द्वारा मवेशी के मालिक की तलाश की जा रही है।
वहीं घायल विक्की का जिला अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद शहर की सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों की समस्या एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और प्रशासन से सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को गोठानों में शिफ्ट कर दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
आवारा मवेशी बने हादसों की वजह
शहर और आसपास के क्षेत्रों में सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशी लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसे हादसे आगे भी लोगों की जान लेते रहेंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

