अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर  जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने किया योगाभ्यास, बोले- योग को जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और विकसित समाज का करें निर्माण

कोरबा, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोरबा के लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर योग के महत्व और उससे होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।

अपने संबोधन में मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसने पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी समाधान बनकर उभरा है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की समग्र पद्धति है, जो शरीर, मन और बुद्धि के संतुलित विकास में सहायक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के करोड़ों लोग इससे लाभान्वित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है। मंत्री ने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने, नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने तथा विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है। भागदौड़ भरी जिंदगी में योग शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और मन को शांति प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य विरासत है। यह केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि शरीर और मन के संतुलन का माध्यम है। नियमित योग से शारीरिक एवं मानसिक दक्षता में वृद्धि होती है और व्यक्ति निरोग जीवन जी सकता है।

कार्यक्रम में योग शिक्षक रामेश्वर प्रसाद पांडे के मार्गदर्शन में ताड़ासन, पवनमुक्तासन, हलासन, शवासन, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन, नियमित योग और जन-जागरूकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी को नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने की शपथ दिलाई गई।