कुसमुंडा खदान में बड़ा हादसा: डंपर पलटने से ऑपरेटर की मौत

ओबी डंप क्षेत्र में अर्धरात्रि को हुई दुर्घटना, जांच में जुटा प्रबंधन

कोरबा। एसईसीएल की मेगा कोयला परियोजना कुसमुंडा खदान में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में डंपर ऑपरेटर की मौत हो गई। घटना के बाद खदान क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय सत्यनारायण अर्धरात्रि करीब 12:30 बजे ओबी (ओवरबर्डन) डंप क्षेत्र में डंपर संचालन का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान डंपर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि डंपर का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और ऑपरेटर उसके अंदर फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही खदान प्रबंधन, सुरक्षा विभाग के अधिकारी एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद डंपर में फंसे ऑपरेटर को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया तथा परिजनों को घटना की सूचना दी गई।

बताया जा रहा है कि हादसा ओबी डंप क्षेत्र में कार्य के दौरान हुआ। हालांकि डंपर के पलटने के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। प्रबंधन ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।

इस हादसे के बाद खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। वहीं एसईसीएल प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।