स्कूल और मंदिर के समीप शराब दुकान संचालन पर जताया विरोध, प्रशासन की निष्क्रियता पर फूटा लोगों का आक्रोश
कोरबा। नगर पालिका दीपका के वार्ड क्रमांक 11 से शराब भट्टी हटाने की मांग को लेकर चल रहा जन आंदोलन एक बार फिर उग्र हो गया है। रविवार को वार्ड स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी गार्डन में बड़ी संख्या में व्यापारी, युवा और वार्डवासी एकत्रित हुए तथा शराब दुकान के विरोध में जमकर नारेबाजी करते हुए इसे तत्काल हटाने की मांग दोहराई।
आंदोलन की खास बात यह रही कि विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एक मंच पर नजर आए। उपस्थित लोगों ने कहा कि वार्ड के बीचों-बीच संचालित शराब भट्टी से सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और महिलाओं, बच्चों व आम नागरिकों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण जनता के सहयोग से आंदोलन को पुनः गति दी गई है।
भाजपा नेता अभिषेक सिंह ने कहा कि पाली रोड स्थित शराब दुकान से नगर पालिका दीपका के चार वार्ड प्रभावित हो रहे हैं। दुकान के आसपास स्कूल और मंदिर होने से सामाजिक माहौल खराब हो रहा है।
वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दिलीप सिंह ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन को तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
स्थानीय पार्षद अविनाश सिंह ने कहा कि वार्डवासियों की मांग पूरी तरह जायज है और वे इस मुद्दे को लेकर लगातार प्रशासन से समाधान की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 500 से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन जल्द ही कलेक्टर को सौंपा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्डवासियों के हित में वे हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए तैयार हैं।
आंदोलन में पार्षद अविनाश सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिलीप सिंह, पूर्व पार्षद मनी सिंह बाबा, भाजपा नेता अभिषेक सिंह, कोल व्यवसायी आकाश सिंह, अवधेश मेहता, पंकज शर्मा, कौशल सिंह, उमाशंकर सिंह सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी और युवा उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
