नीट परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु दी गई विशेष समझाइश

पेट्रोलिंग बढ़ाने, सड़क जाम नहीं होने देने और ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने के निर्देश

कोरबा। नीट परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, यातायात डीएसपी डी.के. सिंह, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी और डीएसपी आस्था शर्मा के मार्गदर्शन में पेट्रोलिंग टीमों को परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करने कहा गया है कि किसी भी स्थिति में सड़क जाम की समस्या उत्पन्न न हो, जिससे परीक्षार्थी समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें और उनकी आवाजाही सुगम बनी रहे।

अधिकारियों ने ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को परीक्षार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से शिष्टाचारपूर्ण व्यवहार करने की समझाइश दी है। परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इसके अलावा सभी कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार का नशा या शराब सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने कहा है कि नीट परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षित, शांत और तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।