कोरबा। एसईसीएल की गेवरा परियोजना विस्तार से प्रभावित ग्राम रलिया, भिलाईबाजार एवं मुड़ियानार के पुनर्वास और पुनर्स्थापना से जुड़े लंबित मामलों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना समिति (डीआरआरसी) की बैठक जून 2026 के अंतिम सप्ताह में आयोजित किए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस संबंध में एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक ने अपर कलेक्टर को पत्र भेजकर बैठक आयोजित कराने का अनुरोध किया है।
जानकारी के अनुसार, इससे पूर्व 28 मार्च 2026 को डीआरआरसी की बैठक प्रस्तावित की गई थी, लेकिन अधिग्रहित भूमि के खसरा-वार विवरण और स्वामित्व संबंधी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रूप से उपलब्ध नहीं होने के कारण बैठक स्थगित कर दी गई थी। इसके चलते प्रभावित परिवारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामले लंबित रह गए थे।
एसईसीएल प्रबंधन ने अब जिला प्रशासन को अवगत कराया है कि रलिया, भिलाईबाजार और मुड़ियानार गांवों से संबंधित प्रपत्र क्रमांक 5 एवं 6 संयुक्त प्रयासों से तैयार कर लिए गए हैं। आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना से जुड़े मामलों पर चर्चा और निर्णय के लिए बैठक आयोजित करने का अनुरोध किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि डीआरआरसी की बैठक आयोजित होने से प्रभावित परिवारों की समस्याओं, पुनर्वास पैकेज, पात्रता निर्धारण तथा अन्य लंबित मुद्दों पर आवश्यक निर्णय लिए जा सकेंगे। इससे पुनर्वास प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।
एसईसीएल ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि प्रभावित ग्रामीणों के हितों को ध्यान में रखते हुए जून 2026 के अंतिम सप्ताह में उपयुक्त तिथि निर्धारित कर बैठक आयोजित की जाए, ताकि लंबे समय से लंबित मामलों का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

