नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़, नकली गन दिखाकर लूट; POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज

कोरबा।सीएसईबी चौकी क्षेत्र के कोहड़िया में बिलासपुर से आए एक व्यक्ति ने जमीन के सौदे के नाम पर शराब पीकर माहौल खराब किया। विवाद के बाद उसने पिता की पिटाई की और विरोध करने पर 12 वर्षीय नाबालिग बेटी को नकली गन दिखाकर छेड़छाड़ की तथा 30 हजार रुपये लूट लिए।

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर POCSO एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

सीएसईबी पुलिस के अनुसार, युवक बिलासपुर से कोरबा आया था। वह पीड़िता के पिता से जमीन के सौदे और पैसे के लेन-देन के संबंध में मिलने पहुंचा था। बातचीत के दौरान दोनों जंगल में शराब पी रहे थे। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पीड़िता के पिता को बुरी तरह पीटा, जिससे वह बेहोश हो गया।

पिता की चीख सुनकर 12 वर्षीय नाबालिग बेटी मौके पर पहुंची। आरोपी ने उसे नकली गन दिखाकर डराया और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर नाबालिग के साथ मारपीट भी की और उसके बैग से 30 हजार रुपये छीन लिए।

घटना की सूचना डायल 112 पर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता और अन्य गवाहों के बयान दर्ज कर नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया, जिसमें छेड़छाड़ की पुष्टि हुई।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी पीड़िता का रिश्तेदार निकला है। पुलिस आरोपी और उसके साथियों की तलाश में जुटी हुई है।