अवैध खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी समेत 9 वाहन जप्त

कोरबा। जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी समेत कुल 9 वाहनों को जप्त किया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

खनिज उड़नदस्ता दल ने सीतामढ़ी, बरमपुर, कपाटमुड़ा, सुराकछार, बांकीमोगरा, तिलसरा और गुरसिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बांकीमोगरा, कोसावाड़ी, बरमपुर, घरीपखना और गुरसिया क्षेत्र में अवैध रूप से गिट्टी, मिट्टी एवं रेत का उत्खनन और परिवहन करते पाए गए वाहनों को पकड़ा गया।

कार्रवाई के दौरान 1 जेसीबी, 1 ट्रेलर, 2 टीपर और 5 ट्रैक्टर जप्त किए गए। जप्त वाहनों को बांकीमोगरा, रामपुर और बांगो थाना सहित खनिज जांच चौकी रामपुर-कटघोरा में अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग के अनुसार अप्रैल से 15 जून 2026 तक जिले में अवैध खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।

इस दौरान अवैध उत्खनन के 12 प्रकरणों में 6.74 लाख रुपये, अवैध परिवहन के 89 प्रकरणों में 7.37 लाख रुपये तथा अवैध भंडारण के 10 प्रकरणों में 7.14 लाख रुपये की वसूली की गई है। कुल मिलाकर 18.70 लाख रुपये से अधिक का राजस्व वसूला गया है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और शासकीय राजस्व की सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

तीन माह में 111 प्रकरणों पर कार्रवाई
अवैध उत्खनन : 12 प्रकरण
अवैध परिवहन : 89 प्रकरण
अवैध भंडारण : 10 प्रकरण
कुल वसूली : ₹18,70,473
जप्त वाहन : 9

खनिज विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।