जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने वितरित की पाठ्य-पुस्तकें और गणवेश, नशामुक्ति रैली से दिया जागरूकता का संदेश
कोरबा। पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में नवीन शिक्षा सत्र के शुभारंभ अवसर पर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने की।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया तथा उन्हें निःशुल्क गणवेश एवं पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मुख्य अतिथि डॉ. पवन सिंह ने विद्यार्थियों को नए शिक्षा सत्र की शुभकामनाएं देते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन बनाए रखने तथा मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है और विद्यार्थियों को इसका पूरा लाभ उठाना चाहिए।
कार्यक्रम को जिला पंचायत सदस्य विद्वान सिंह मरकाम एवं जनपद सदस्य भारत सिंह मरकाम ने भी संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी।
प्रवेशोत्सव के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा नशामुक्ति रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
