कोरबा।जिले में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने से पहले ही सर्पों की बढ़ती गतिविधियों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर शहर के सिविल लाइन थाना परिसर में थाना प्रभारी के चेंबर में सांप मिलने से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया, वहीं दूसरी ओर पसान क्षेत्र में सर्पदंश की घटना में एक महिला की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था वर्मा के चेंबर में एक सांप कुंडली मारकर बैठा दिखाई दिया।
सांप को देखते ही थाना परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे स्नेक कैचर ने सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। जितेंद्र सारथी ने बताया कि बारिश और मौसम में बदलाव के कारण सांप अपने बिलों से बाहर निकल रहे हैं, जिससे रिहायशी क्षेत्रों में उनके पहुंचने की घटनाएं बढ़ रही हैं।
उधर जिले के पसान क्षेत्र में सर्पदंश की एक दर्दनाक घटना सामने आई। पसान निवासी 38 वर्षीय भीमकुंवर शनिवार सुबह अपने घर में साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान जमीन में छिपे एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। महिला की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और सांप को मार दिया।
महिला के पति चैन सिंह गोड ने बताया कि सर्पदंश के तुरंत बाद भीमकुंवर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतका अपने पीछे पति और दो बेटियों को छोड़ गई हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों से सतर्क रहने और घरों के आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
