अहिल्याबाई सभागार में आयोजन, मंत्री खुशवंत होंगे अतिथि
कोरबा। 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरा कोरबा जिला योगमय वातावरण में सराबोर रहेगा। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास, जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कोरबा स्थित देवी अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, विधायक प्रेमचंद पटेल, तुलेश्वर सिंह मरकाम, फूलसिंह राठिया, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल तथा सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को प्रातः 7 बजे देवी अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल पहुंचकर योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लेने तथा अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में भी योग कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ सकें और इसके लाभों को समझ सकें।
जिले में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों द्वारा भी योग दिवस पर विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। पतंजलि योग पीठ, आर्ट ऑफ लिविंग, गायत्री परिवार, भारतीय योग संस्थान, आर्य समाज, संस्कार भारती तथा सरस्वती विद्यालय सहित कई संस्थाएं अपने-अपने स्तर पर योग शिविर और सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित करेंगी। इन आयोजनों में प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों द्वारा आमजन को योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा।
इस अवसर पर भारत सरकार के योग आयोग द्वारा प्रकाशित योग संबंधी साहित्य एवं जागरूकता सामग्री का भी वितरण किया जाएगा। साथ ही लोगों को नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को सफल बनाने में एनटीपीसी, एसईसीएल, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी), सीएसईबी, केपीएल और बालको सहित विभिन्न सार्वजनिक एवं औद्योगिक संस्थानों का सहयोग भी प्राप्त हो रहा है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में योग कार्यक्रमों में शामिल होकर निरोगी, स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

