पीएम किसान उत्सव दिवस पर 78 हजार किसानों को मिली 15.72 करोड़ की सम्मान निधि

कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित हुआ किसान प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम, आधुनिक खेती और शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी

कोरबा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी होने के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, कोरबा में ‘‘पीएम किसान उत्सव दिवस’’ के तहत किसान प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ग्रामों से आए किसानों ने भाग लेकर कृषि की आधुनिक तकनीकों एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर कोरबा जिले के 78 हजार 620 किसानों के बैंक खातों में कुल 15 करोड़ 72 लाख रुपये की सम्मान निधि राशि अंतरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप संचालक कृषि डी.पी.एस. कंवर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को किसानों की आर्थिक सशक्तता का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए किसानों से विभिन्न कृषि योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती, बीज पंजीयन, प्रमाणित बीज उत्पादन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा कृषि से अधिक आय अर्जित करने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही कृषि विभाग द्वारा संचालित ‘‘खेत बचाओ अभियान’’ के अंतर्गत फसल संरक्षण, मृदा परीक्षण, जल संरक्षण एवं समेकित कीट प्रबंधन के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों एवं विषय विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, जैविक खाद, जैव उर्वरकों के उपयोग तथा कृषि उद्यमिता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। कार्यक्रम के दौरान किसानों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम में 75 किसानों सहित कुल 92 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। विशेषज्ञों ने किसानों से वैज्ञानिक खेती अपनाने, गुणवत्तायुक्त बीजों का उपयोग करने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर कृषि उत्पादन एवं आय बढ़ाने का आग्रह किया।

पीएम किसान उत्सव दिवस के आयोजन ने किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने और कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने का कार्य किया।