कोरबा। ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की पहल लगातार प्रभावी साबित हो रही है।
बालको की मोबाइल हेल्थ वैन (एमएचवी) और प्रोजेक्ट आरोग्य के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2026 में लगभग 1.2 लाख लोगों तक बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाई गई हैं। इन योजनाओं ने दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके गांव के समीप ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।
बालकोनगर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच लंबे समय से एक चुनौती रही है। ऐसे में मोबाइल हेल्थ वैन और प्रोजेक्ट आरोग्य लोगों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। पाढ़ीमार गांव की 60 वर्षीय फूलमणि एक्का, जो वर्षों से गठिया के दर्द से परेशान थीं, अब नियमित उपचार और फिजियोथेरेपी की सुविधा का लाभ उठा रही हैं। उन्होंने बताया कि पहले स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना उनके लिए कठिन था, लेकिन अब गांव में ही डॉक्टरों की सलाह और उपचार मिलने से उन्हें काफी राहत मिली है।
कोरबा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में बालको जैसी औद्योगिक इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके अनुसार प्रोजेक्ट आरोग्य और मोबाइल हेल्थ वैन के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, जिससे चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता और पहुंच दोनों में सुधार हुआ है।
बालको की मोबाइल हेल्थ वेन प्रत्येक पखवाड़े आसपास के 70 गांवों और समुदायों तक पहुंचती है। इसमें फिजियोथेरेपी एवं आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं। वैन में 40 से अधिक प्रकार की जांच मौके पर ही की जाती हैं, जिससे रोगों की समय पर पहचान और उपचार संभव हो पाता है। वित्तीय वर्ष 2026 में इस पहल से 27 हजार से अधिक लोगों ने लाभ प्राप्त किया।
वहीं प्रोजेक्ट आरोग्य के तहत स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता कार्यक्रम और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण, एनीमिया नियंत्रण, टीबी, एचआईवी और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर विशेष रूप से कार्य किया जा रहा है।
बालकोनगर के समीप रहने वाली नेहा कंवर ने बताया कि प्रोजेक्ट आरोग्य से जुड़ने के बाद उनकी बेटी काव्या के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ। पोषण संबंधी मार्गदर्शन के चलते दो माह में उसकी बेटी का वजन 1.5 किलोग्राम बढ़ा और वह सामान्य श्रेणी में आ गई। अब वह अन्य माताओं को भी संतुलित पोषण और स्वास्थ्य संबंधी सुझाव अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
प्रोजेक्ट आरोग्य के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2026 में 93 हजार से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता कार्यक्रमों का लाभ मिला। बालको की ये दोनों पहलें स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाने, जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ समुदाय के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और दीर्घकालिक स्वास्थ्य सुधार को केंद्र में रखकर बालको ग्रामीण क्षेत्रों में स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

