कोरबा। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को राज्य के चयनित निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाएगी।
श्रम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार योजना का उद्देश्य निर्माण श्रमिक परिवारों के प्रतिभावान बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना है। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को शिक्षा से संबंधित सभी आवश्यक सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
योजना अंतर्गत विद्यार्थियों को शैक्षणिक शुल्क, छात्रावास सुविधा, भोजन व्यवस्था, गणवेश, लेखन सामग्री सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक खर्चों का लाभ मिलेगा। इससे आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर वातावरण में अध्ययन करने का अवसर प्राप्त होगा।
पात्र एवं पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को श्रम विभाग के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से प्रारंभ होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
कोरबा जिले के लिए इस योजना के अंतर्गत कुल 7 सीटें निर्धारित की गई हैं। श्रम विभाग ने सभी पात्र हितग्राहियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
आवेदन संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए इच्छुक अभ्यर्थी श्रम कार्यालय, जनपद पंचायत स्थित श्रम संसाधन केंद्र, चॉइस सेंटर तथा लोक सेवा केंद्रों में संपर्क कर सकते हैं।
श्रम विभाग ने कहा है कि यह योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उन्हें बेहतर भविष्य और प्रतिस्पर्धी अवसर प्राप्त हो सकेंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

