बुधवारी बाईपास पर दर्दनाक हादसा: ठेले से टकराई तेज रफ्तार बाइक,निगम कर्मी की मौके पर मौत

कोरबा। शहर के बुधवारी बाईपास मार्ग पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक सड़क पर चल रहे एक ठेले से टकरा गई, जिससे बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुनील गुप्ता, निवासी बालको के रूप में हुई है, जो निगम कर्मी था। बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे नो-एंट्री खुलने के बाद बुधवारी बाईपास मार्ग पर भारी वाहनों और अन्य वाहनों की आवाजाही बढ़ गई थी। इसी दौरान टीपी नगर की ओर से बुधवारी की तरफ जा रहे ठेला चालक कृष्णा कुमार का ठेला सड़क पर था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक अनियंत्रित होकर सीधे ठेले के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सुनील गुप्ता सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ठेला चालक कृष्णा कुमार ने पुलिस को बताया कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने हादसे का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने सड़क पर फैले खून तथा दुर्घटनाग्रस्त बाइक को हटाकर यातायात सुचारु कराया। मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।