मायके पक्ष ने चरित्र संदेह को लेकर प्रताड़ना का लगाया आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
कोरबा। जिले के श्यांग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिरहुट में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मायके पक्ष द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में दफनाए गए शव को तीन दिन बाद कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के ग्राम कुमा निवासी 23 वर्षीय घूरई बाई का विवाह तीन वर्ष पूर्व छिरहुट गांव के निवासी दिलीप बैगा (26) से हुआ था। दंपती का डेढ़ वर्षीय पुत्र भी है। परिजनों के अनुसार 16 जून को घूरई बाई की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को दफना दिया गया था।
मृतका के मायके पक्ष को घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने मौत पर संदेह व्यक्त किया। परिजनों का आरोप है कि पति दिलीप बैगा चरित्र संदेह को लेकर अक्सर घूरई बाई से विवाद करता था। इसी आधार पर उन्होंने हत्या कर शव को दफनाने का आरोप लगाते हुए श्यांग थाना में शिकायत दर्ज कराई और शव के उत्खनन की मांग की।
शिकायत के बाद पुलिस ने आवश्यक अनुमति प्राप्त कर शनिवार को एसडीओपी, थाना प्रभारी, सीन ऑफ क्राइम टीम एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में कब्र की खुदाई करवाई। नए तहसीलदार की मौजूदगी में शव को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे।
मायके पक्ष का कहना है कि यदि जांच में हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं मृतका के पति दिलीप बैगा ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए दावा किया है कि उनकी पत्नी की मृत्यु बीमारी के कारण हुई थी।
श्यांग थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतका के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मृतका के डेढ़ वर्षीय बच्चे के भविष्य को लेकर भी गांव में चर्चा बनी हुई है। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

