DMF विकास कार्यों को लेकर जनपद पंचायत में विवाद,सदस्यों ने अध्यक्ष पर लगाया मनमानी का आरोप

कोरबा। जिला खनिज न्यास संस्थान (DMF) मद से स्वीकृत होने वाले विकास कार्यों को लेकर जनपद पंचायत कोरबा में नया विवाद सामने आया है। जनपद पंचायत के निर्वाचित सदस्यों ने अध्यक्ष बिजमोती राठिया और उनके पति अभिमन्यु राठिया पर सदस्यों को बिना बताए और उनकी सहमति के अभाव में मनमाने ढंग से 25 लाख रुपये के कार्यों की सूची तैयार कर प्रशासन को भेजने का आरोप लगाया है।

19 जून को सदस्यों ने जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग को शिकायत पत्र सौंपा और वर्तमान सूची को तत्काल निरस्त करने तथा सभी जनपद सदस्यों की सहमति से नई कार्ययोजना बनाने की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं ने कहा कि यह पहला अवसर नहीं है।

पहले भी इसी तरह की शिकायत हो चुकी थी, जिस पर सदस्यों को उनके क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया गया था। फिर भी उसी प्रक्रिया को दोहराए जाने से सदस्यों में गहरी नाराजगी है।

जनपद सदस्यों ने कहा कि DMF योजना का उद्देश्य क्षेत्रीय जरूरतों के आधार पर पारदर्शी तरीके से विकास कार्य कराना है, लेकिन निर्वाचित सदस्यों को जानकारी तक नहीं दी जा रही है। इससे योजना की पारदर्शिता और उद्देश्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

अब निगाहें जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि आरोप सही पाए गए तो DMF राशि के उपयोग और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी को लेकर जनपद पंचायत कोरबा में गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं।