कोरबा। जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीतामणी क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित रेत को जप्त किया है। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जिससे रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार कोरबा-पंतोरा मार्ग पर जोगीपाली गांव के समीप बड़ी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण किया गया था। यहां सैकड़ों ट्रक रेत एकत्रित कर उसकी कालाबाजारी किए जाने की शिकायत सामने आई थी।
बताया जा रहा है कि जेसीबी मशीनों की सहायता से रेत को ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों में भरकर विभिन्न स्थानों पर भेजा जा रहा था।
मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से जिला प्रशासन तक पहुंची, जिसके बाद कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग को तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से संग्रहित रेत को जप्त किया तथा रेत परिवहन में लगे कई ट्रैक्टर और अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की। संबंधित प्रकरण में खनिज अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मच गई है। प्रशासन ने रेत घाटों की निगरानी भी बढ़ा दी है। विभिन्न घाटों पर खनिज विभाग के अधिकारी लगातार नजर रख रहे हैं, जिसके चलते अवैध रूप से रेत परिवहन करने वाले वाहनों की गतिविधियों में कमी देखी गई है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में कोरिया जिले के कटगोड़ी क्षेत्र में रेत सिंडीकेट से जुड़े विवाद में तीन लोगों को जिंदा जलाने की सनसनीखेज घटना के बाद प्रशासन पूरे प्रदेश में सतर्कता बरत रहा है। इसी कड़ी में कोरबा जिले में भी अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत उत्खनन, भंडारण और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

