कोरबा। पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने प्रदेश और नगर निकायों में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार विकास की बड़ी-बड़ी बातें तो कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की गति कहीं दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की चर्चा तो होती है, लेकिन विकास की गाड़ी पटरी पर नजर नहीं आ रही।
शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आम जनता लगातार महंगाई की मार झेल रही है। डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने लोगों का बजट बिगाड़ दिया है, वहीं अब बिजली दरों में वृद्धि ने आम नागरिकों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।
उन्होंने बिजली व्यवस्था को लेकर भी सरकार और विद्युत विभाग पर सवाल उठाए। अग्रवाल ने कहा कि ऊर्जा नगरी के रूप में पहचान रखने वाले कोरबा जिले में ही लोग अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और तकनीकी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
शहर की यातायात व्यवस्था और सड़क निर्माण कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कोरबा के प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि कलेक्टर की पहल पर बालको प्रबंधन द्वारा डेंगुर नाला से बालको तक सड़क निर्माण के लिए 30 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। अब आवश्यकता इस बात की है कि इस राशि का उपयोग समयबद्ध तरीके से करते हुए सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।
प्रेस वार्ता के दौरान जयसिंह अग्रवाल ने पत्रकारों के हित में एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रेस क्लब सदस्य के निधन होने पर उसके आश्रित परिवार को शांतिदेवी मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक मोहितराम केरकेट्टा, श्यामलाल कंवर, प्रदेश कांग्रेस संयुक्त महामंत्री हरीश परसाई, कांग्रेस जिला ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष सपना चौहान, नत्थूलाल यादव सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

