हिस्ट्रीशीटर रज्जाक अली पर लगेगा रासुका, डीएम को भेजा प्रस्ताव; हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मामले

कोरबा।जिला पुलिस ने भाजपा नेता शिव बालक सिंह तोमर पर हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी हिस्ट्रीशीटर रज्जाक अली पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका) लगाने और जिलाबदर करने का प्रस्ताव तैयार कर जिलाधीश को भेज दिया है।

थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 550/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 109(1), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

रज्जाक अली के विरुद्ध कोतवाली, करतला, उरगा समेत जिले के विभिन्न थानों में विगत तीन दशकों से हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, बलवा, मारपीट, जान से मारने की धमकी, आगजनी, अवैध हथियार, नारकोटिक्स एक्ट समेत अनेक गंभीर अपराध दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों, समाज में भय का माहौल बनाने और लोक शांति व्यवस्था के लिए खतरा बनने वाली गतिविधियों को देखते हुए रासुका लगाने व जिलाबदर का प्रस्ताव भेजा है।

बयान बदलने का दबाव
विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी रज्जाक अली गवाहों और संबंधित व्यक्तियों को धमकाकर बयान बदलने का प्रयास कर रहा था। इस संबंध में अलग से धारा 296, 351(3) बीएनएस के तहत नया अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।