कोरबा। दीपका नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 01 सोमवारी बाजार प्रेमनगर में पिछले डेढ़ महीने से जारी अघोषित बिजली कटौती और हाफ लाइन की समस्या को लेकर वार्डवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है।
वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पीड़ित महिलाओं ने दीपका बिजली कार्यालय पहुंचकर कनिष्ठ अभियंता को औपचारिक ज्ञापन सौंपा। नागरिकों ने साफ चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के अंदर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो समस्त वार्डवासी बिजली कार्यालय की पूर्ण तालाबंदी और उग्र घेराव करेंगे।
पार्षद कमलेश जायसवाल ने विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वार्ड के साथ लगातार भेदभाव हो रहा है। भीषण गर्मी और उमस में लोग बिना बिजली के परेशान हैं, जबकि विभाग पूरी तरह उदासीन है।
राज्य सरकार करोड़ों रुपये ठेका व्यवस्था सुधारने के नाम पर देती है, लेकिन ठेकेदारों और कर्मचारियों की लापरवाही से आमजन प्रताड़ित हो रहा है। साथ ही बिजली न मिलने के बावजूद अनाप-शनाप बिल भेजकर आर्थिक शोषण किया जा रहा है।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं श्यामबाई, चवन बाई पटेल, सरस्वती कैवर्त्य, आशा सिंह, रोमा बाई, चमेली पटेल, लता उरांव, सीमा श्रीवास्तव, बीना चौहान, संजू सिंह आदि ने रोष जताते हुए कहा कि उमस और मच्छरों के कारण रात की नींद हराम हो गई है। पुरुष दिनभर मेहनत कर लौटते हैं तो आराम नहीं मिल पाता, जिससे कार्यस्थल पर दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल के साथ वार्ड की सक्रिय महिलाएं और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ऐतिहासिक घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

