शोक:समाजसेवी रामकिशन अग्रवाल नहीं रहे,अन्त्येष्टि आज

कोरबा। नगर के प्रतिष्ठित नागरिक, समाजसेवी एवं रेल संघर्ष समिति के वरिष्ठ सदस्य रामकिशन अग्रवाल (तुलसी निवास, टी.पी. नगर) का शुक्रवार 19 जून 2026 को निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उपचार के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन का समाचार मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों और नगरवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।

रामकिशन अग्रवाल अपने पीछे भाई दीनदयाल अग्रवाल, केदार नाथ अग्रवाल, शिव शंकर अग्रवाल, पुत्र आलोक अग्रवाल एवं तुषार अग्रवाल सहित नाती-पोतों से भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से अग्रवाल समाज तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों में शोक व्याप्त है।

उनकी अंतिम यात्रा आज 19 जून 2026 को अपराह्न 4 बजे तुलसी भवन, कैनरा बैंक के बगल, टी.पी. नगर, कोरबा से मुक्तिधाम, मोतीसागर पारा के लिए प्रस्थान करेगी।

उल्लेखनीय है कि रामकिशन अग्रवाल व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से भी गहराई से जुड़े रहे।

कोरबा जिले को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने जीवनभर संघर्ष किया। वे रेल संघर्ष समिति के अग्रणी सदस्यों में शामिल रहे और उनके मार्गदर्शन में समिति ने रेल यात्री सुविधाओं एवं नई रेल सेवाओं की मांग को लेकर अनेक आंदोलन और जनसंघर्ष किए।

जनहित के मुद्दों को लेकर वे अंतिम समय तक सक्रिय रहे तथा आम नागरिकों की सुविधाओं के लिए लगातार आवाज उठाते रहे। रेल यात्री सुविधाओं के लिए किए गए उनके संघर्ष और योगदान को कोरबा की जनता लंबे समय तक याद रखेगी।

ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करें।

ॐ शांति।