मॉडिफाइड साइलेंसर पर पुलिस की सख्ती: 57 वाहनों पर कार्रवाई, 5.70 लाख रुपये की वसूली

कोरबा। जिले में ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। 1 जनवरी 2026 से अब तक 57 मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई है। इन मामलों में न्यायालय के माध्यम से 5 लाख 70 हजार रुपये की पेनाल्टी वसूल की गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन तथा सीएसपी नितेश ठाकुर, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के  निर्देशन में यह विशेष अभियान संचालित किया गया।

अभियान में यातायात प्रभारी डी के सिंह , एएसआई मनोज राठौर एवं ईश्वरी लहरे सहित यातायात पुलिस की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती है तथा ध्वनि प्रदूषण को बढ़ावा देती है। ऐसे वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वाहनों में मानक साइलेंसर का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई के साथ भारी जुर्माना भुगतना पड़ सकता है।