21 जून को सुबह 7 बजे से सामूहिक योग प्रदर्शन, अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
कोरबा।12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिले में भव्य जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर आधारित यह कार्यक्रम देवी अहिल्या बाई होलकर कन्वेंशन हॉल, रजगामार रोड स्थित जिला जेल के समीप प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक आयोजित होगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नगर पालिक निगम आयुक्त को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी तथा जिला शिक्षा अधिकारी, जिला आयुष अधिकारी एवं उप संचालक समाज कल्याण विभाग को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी को कुशल योग प्रशिक्षकों के माध्यम से योग सत्र संचालित कराने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं शिक्षा, आदिवासी विकास, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, खेल विभाग, नेहरू युवा केंद्र, पंचायत एवं साक्षरता विभाग को अधिक से अधिक सहभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम के लिए वाहन व्यवस्था का दायित्व जिला परिवहन अधिकारी को सौंपा गया है। यातायात, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक को जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही होमगार्ड, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सैनिक जवानों एवं जेल विभाग के कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
योग से स्वस्थ जीवन का संदेश
जिला प्रशासन ने नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया है। यह आयोजन स्वास्थ्य जागरूकता और सामूहिक सहभागिता का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

