चार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं पर दिया विशेष जोर
कोरबा। नीट-यूजी पुनर्परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने जिले के चार परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन से जुड़ी तैयारियों, सुरक्षा प्रबंधों तथा अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों में स्थापित सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए परीक्षा की गोपनीयता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा अभ्यर्थियों को शांत, सुरक्षित और व्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश को रोकने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात भी कही।
परीक्षा की निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नीट-यूजी पुनर्परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

