28 से 30 जून तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान

1578 बूथों पर 1.72 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

कोरबा। जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से 28 से 30 जून तक विशेष पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले के 1 लाख 72 हजार 423 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसकी तैयारियों को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में जिला टॉस्क फोर्स की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई।

बैठक में कलेक्टर ने अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए मैदानी अमले को पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा।

उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा नगरीय निकायों के अधिकारियों को अभियान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। वहीं शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से अधिकाधिक बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सार्वजनिक उपक्रमों से भी अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केसरी ने बताया कि 28 जून को जिले के 1578 पोलियो बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। वहीं 29 और 30 जून को स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगे।

बैठक में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। अभियान के दौरान घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीमों का सहयोग कर बच्चों को पोलियो से सुरक्षित बनाने में सहभागिता निभाएं।