रिहायशी क्षेत्र में कोयला वाहनों की आवाजाही से बढ़ा खतरा, वैकल्पिक मार्ग दुरुस्त करने की मांग
कोरबा। शहर में भारी वाहनों और कोयला परिवहन के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित होने के बावजूद अमरैय्या-मुड़ापार बायपास से ट्रक, ट्रेलर और अन्य मालवाहक वाहनों की आवाजाही लगातार जारी है। इसके चलते क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और स्थानीय नागरिकों को जाम, धूल-प्रदूषण तथा दुर्घटनाओं के खतरे का सामना करना पड़ रहा है।
अमरैय्या बाइपास के दोनों ओर घनी आबादी निवास करती है। प्रतिदिन हजारों लोग स्कूल, कॉलेज, कार्यालय और बाजार जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क पर लंबा जाम लगना आम बात हो गई है, जिससे आमजन को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोयला और अन्य मालवाहक वाहनों से उड़ने वाली धूल ने क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर बढ़ा दिया है। इसका सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों पर पड़ रहा है। धूल के कारण श्वसन संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है और सड़क किनारे रहने वाले लोगों का सामान्य जीवन भी प्रभावित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार करीब दो माह पूर्व ट्रक-ट्रेलर एवं भारी वाहन संचालक संगठन ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बताया था कि भारी वाहनों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग कई स्थानों पर जर्जर अवस्था में हैं। संगठन ने इन मार्गों की मरम्मत कराने की मांग की थी ताकि वाहन सुरक्षित रूप से संचालित हो सकें।
एसोसिएशन ने जताई चिंता
ट्रक-ट्रेलर एसोसिएशन का कहना है कि वैकल्पिक मार्गों की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को मजबूरी में अमरैय्या बाइपास का उपयोग करना पड़ रहा है। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि मार्गों की मरम्मत नहीं कराई गई और किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी वाहन मालिकों या चालकों की नहीं होगी।
क्षेत्रवासियों ने की प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा अमरैय्या-मुड़ापार बाइपास पर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जाए।
उनका कहना है कि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो प्रदूषण, यातायात अव्यवस्था और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

