कटघोरा पुलिस का सख्त अभियान: वाहनों से हटाई ब्लैक फिल्म, शराबी चालकों पर कार्रवाई

कोरबा। यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए कटघोरा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों, तीन सवारी बैठाकर बाइक चलाने वालों तथा प्रतिबंधित समय में शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों पर शिकंजा कसा गया।

पुलिस द्वारा चलाए गए जांच अभियान में कई चारपहिया वाहनों में अवैध रूप से लगी ब्लैक फिल्म को मौके पर ही हटवाया गया। वाहन मालिकों पर नियमानुसार जुर्माना लगाते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई।

अभियान के दौरान एल्कोमीटर से जांच में शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने कहा कि नशे में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस ने तीन सवारी बैठाकर मोटरसाइकिल चलाने वाले युवकों को भी रोककर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। इसके अलावा शहर में निर्धारित प्रतिबंधित समय के दौरान प्रवेश करने वाले ट्रकों एवं अन्य भारी वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यातायात सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क
कटघोरा पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में जागरूकता बढ़ी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे में वाहन न चलाएं और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।