युवा कांग्रेस महासचिव पद की दौड़ में विशाल सिंह राजपूत

कोरबा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित युवा कांग्रेस संगठनात्मक चुनावों के बीच कोरबा जिले के युवा नेता विशाल सिंह राजपूत का नाम प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव पद की दौड़ में प्रमुखता से उभरकर सामने आया है। उनके नाम के पैनल में शामिल होने की खबर से समर्थकों और युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

विशाल सिंह राजपूत वर्तमान में एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। छात्र राजनीति से सक्रिय रहे विशाल ने विभिन्न जनहित मुद्दों, छात्र समस्याओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े आंदोलनों का नेतृत्व किया है। संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रियता और जमीनी पकड़ को देखते हुए उन्हें युवा कांग्रेस में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है।

विशाल सिंह राजपूत ने कहा कि संगठन ने हमेशा उन्हें अवसर और मार्गदर्शन दिया है। यदि उन्हें नई जिम्मेदारी मिलती है तो वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने तथा युवाओं की आवाज को बुलंद करने का कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को लेकर वे लगातार कार्य करते रहे हैं और आगे भी संगठन के भरोसे पर खरा उतरते हुए युवाओं को पार्टी से जोड़ने का प्रयास जारी रखेंगे।

प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव पद की दावेदारी को लेकर जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है। समर्थकों का मानना है कि विशाल सिंह राजपूत की सक्रियता, संगठनात्मक अनुभव और जनसरोकारों से जुड़ाव उन्हें इस पद के लिए मजबूत दावेदार बनाता है।