बिजली बिल का टेंशन खत्म करने के लिए लगवाएं सोलर पैनल: कलेक्टर- कमिश्नर ने की अपील, वार्ड को 1 करोड़ रुपये विकास कार्य के लिए

कोरबा लगातार बिजली कटौती और ऊंचे बिजली बिल से परेशान लोगों के लिए प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना राहत का बड़ा माध्यम बन रही है।

वार्ड 31 राजेंद्र प्रसाद नगर में कलेक्टर कुणाल दुदावत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने क्षेत्र का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से चर्चा की। उन्होंने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने की अपील की और योजना की सब्सिडी तथा लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत आवासीय छतों पर सोलर पैनल लगाकर लोग न केवल अपनी बिजली जरूरतें पूरी कर सकते हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली ग्रिड में बेचकर आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।

नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में अब तक 2598 से अधिक रजिस्ट्रेशन सोलर पैनल लगवाने के लिए हो चुके हैं और स्थापना कार्य भी तेजी से चल रहा है।

इस मौके पर वार्ड पार्षद अशोक चावलानी, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सरकार की इस योजना से आमजन बिजली बिल के बोझ से मुक्ति पा सकेंगे और स्वच्छ ऊर्जा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देंगे।