कोरबा। कोरबा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम पाली स्थित तेंदूपत्ता गोदाम के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यात्री बस कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पाली के समीप तेंदूपत्ता गोदाम के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर की तीव्रता से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया तथा चालक केबिन में फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस जवानों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से चालक की जान बचाई जा सकी।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय बस में लगभग 40 से 50 यात्री सवार थे। हादसे में सामने की सीटों पर बैठे यात्रियों को सबसे अधिक चोटें आई हैं। दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सभी घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ यातायात भी पुलिस द्वारा सामान्य करा दिया गया।
पुलिस ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

