एशियन ट्रेडर्स में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, 2.50 लाख का सामान बरामद,दो आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एशियन ट्रेडर्स में हुई चोरी की वारदात का कोरबा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 2.50 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया पूरा सामान भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार पावर हाउस रोड निवासी विमल जाजोदिया ने 9 जून को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान एशियन ट्रेडर्स में अज्ञात चोर पीछे के रास्ते से घुसकर डायनेक्स कंपनी का इन्वर्टर, बिरला ओपस पेंट के डिब्बे, बॉश कंपनी की ड्रिल मशीन, ब्रेकर मशीन सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर लक्ष्मणबन तालाब निवासी मनीष यादव (19 वर्ष) और प्रकाश चौहान (19 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया संपूर्ण मशरूका बरामद कर लिया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।

इस कार्रवाई में नगर निरीक्षक एम.बी. पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।